ख़बरिस्तान नेटवर्क : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप की अफवाह के बाद 27 सितंबर की रात भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों युवक राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं और पुलिस के मुताबिक, दोनों LPU के छात्र हैं। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
राजस्थान और हरियाणा के छात्रों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जयंत पुत्र महेश कुमार मूलचंदानी निवासी कुनहाड़ी, जिला कोटा (राजस्थान) और आर्यन निवासी गांव खड़वाली, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ के लिए कोर्ट ने पुलिस को दोनों का दो दिन का रिमांड दिया है।
चार अलग-अलग मामलों में दर्ज हैं FIR
पुलिस ने LPU में हुई हिंसा को लेकर अब तक चार अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। इनमें पहली FIR छात्रा के साथ गलत हरकत के मामले में दर्ज की गई है। दूसरी FIR यूनिवर्सिटी में हुई लूटपाट और तोड़फोड़ से जुड़ी है।तीसरी FIR हाईवे जाम करने के मामले में दर्ज हुई है, जबकि चौथी FIR सरकारी वाहनों में आग लगाने के आरोपों को लेकर दर्ज की गई है।
27 आरोपी नामजद, 15 की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, अब तक इन मामलों में 27 आरोपियों को नामजद किया जा चुका है। इनमें से 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में 13 LPU के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हिंसा के दौरान उनकी भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
अफवाह के बाद बिगड़े थे हालात
गौरतलब है कि 27 सितंबर की रात LPU में छात्रा से रेप की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए थे। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और हिंसा, तोड़फोड़, लूटपाट, हाईवे जाम करने तथा सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस अब इन सभी घटनाओं को अलग-अलग मामलों में जांच रही है।








