दिल्ली में शराब पीने वालों के लिए अहम खबर है। राजधानी में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली के एक्साइज डिपार्टमेंट ने गुरुवार शाम को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक, दिल्ली में L6, L6FG, L8, L10 और L14 लाइसेंस श्रेणियों के तहत आने वाली शराब की खुदरा दुकानें बंद रहेंगी। यानी सरकारी और निजी, दोनों तरह की दुकानों पर शराब की बिक्री नहीं होगी।
क्यों बंद रहेंगी शराब की दुकानें?
एक्साइज डिपार्टमेंट के अनुसार, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा हालात को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
10 अक्टूबर को CJP का प्रदर्शन
वहीं, दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।CJP की ओर से अभिजीत दीपके ने कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राजधानी में 20 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनधिकृत सभा में शामिल होने से बचें।









