ख़बरिस्तान नेटवर्क : 30 जुलाई को पंजाब बंद की कॉल पर जालंधर की सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन का कहना है कि जब तक पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। 30 जुलाई यानि वीरवार को पंजाब बंद रहेगा, हालांकि जालंधर बंद नहीं होगा।
सफाई कर्मचारी नहीं करेंगे काम
भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी के पंजाब प्रधान विपिन सभरवाल का कहना है कि जालंधर में 30 जुलाई को बंद नहीं किया जाएगा, क्योंकि 27 जुलाई को जालंधर की तरफ से बंद को काफी समर्थन मिला था। जिस वजह से जालंधर बंद नहीं होगा, हालांकि सफाई कर्मचारी कल काम नहीं करेंगे। न तो शहर में कल कूड़ा उठाया जाएगा, न तो सीवरेज की सफाई की जाएगी।
सरकार के खिलाफ किया जाएगा प्रदर्शन
उन्होंने आगे कहा कि सरकार के खिलाफ शहर में प्रदर्शन जरूर किया जाएगा। यह प्रदर्शन सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है। अगर सरकार ने जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
DSP को निलंबित करने की मांग पर अड़े संगठन
विपिन सभरवाल ने कहा कि 22 जुलाई को हुई घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक जिम्मेदार डीएसपी को निलंबित नहीं किया है। न ही उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 27 जुलाई को जालंधर पूरी तरह बंद रखकर सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया है।









