ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गोराया से फिल्लौर की ओर जा रहा एक टाटा ट्रक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर पार कर गया। ट्रक दूसरी दिशा से आ रहे टाटा ऐस यानी छोटे हाथी से जा टकराया। हादसे में टाटा ऐस में सवार सभी 13 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
असंतुलित होकर डिवाइडर पार कर गया ट्रक
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि टाटा ट्रक गोराया से फिल्लौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक असंतुलित हो गया और डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी दिशा में पहुंच गया।
दूसरी तरफ फिल्लौर से गोराया की ओर जा रहा टाटा ऐस ट्रक की चपेट में आ गया। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा ऐस में सवार सभी 13 लोगों को चोटें आईं।
SSF ने मौके पर दिया प्राथमिक उपचार
हादसे के बाद SSF की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने मौके पर ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस और नेशनल हाईवे की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया।
हादसे के बाद ट्रैफिक भी रहा प्रभावित
हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा। एसएसएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ यातायात को सामान्य करवाने की कार्रवाई भी की। पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं।








