ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और रेत से भरे टिप्पर में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर कैबिन में फंस गया और उसे निकालने के लिए काफी मेहनत-मशक्कत करनी पड़ी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस हादसे के दौरान ट्रैफिक भी काफी देर तक प्रभावित रहा।
पीछे से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक ट्रक में CNG सिलेंडर भरे हुए थे और तेज रफ्तार में उसने रेत से भरे टिप्पर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक का कैबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर उसी में ही फंसा रह गया। मौके की जानकारी मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंची। जिसके बाद उन्होंने घायल ड्राइवर को अस्पताल में पहुंचाया।
हो सकता था बड़ा हादसा
इस हादसे के दौरान राहत की बात यह रही कि ट्रक में रखे CNG सिलेंडर में आग नहीं लगी। अगर सिलेंडर ब्लास्ट हो जाते तो हाईवे पर बड़ा हादसा हो जाता और काफी ज्यादा जान-माल का नुकसान भी हो सकता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे से दोनों गाड़ियों को हटाया और दोबारा से ट्रैफिक शुरू करवाया।









