देशभर में भारी बारिश का कहर, 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट; 4 राज्यों में रेड अलर्ट

Heavy rains wreak havoc across the country; 'Orange Alert' in 16 states, 'Red Alert' in 4 states.

देशभर में मानसून का कहर जारी है। कई राज्यों में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। रेड अलर्ट का मतलब है कि 24 घंटे में 204 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

केदारनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड के पास लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन बंद है। पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह बोल्डर और बड़े पत्थर गिरने से सड़कें भी प्रभावित हुई हैं।

हरिद्वार में लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। इसी दौरान गंगाजल भरने गए एक कांवड़िए को बहने से SDRF की टीम ने सुरक्षित बचा लिया।

यूपी में सरयू का कटाव तेज

उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है। नदी का पानी गांवों में घुस गया है और कटाव के चलते दो मकान नदी में समा गए। वहीं गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर कम होने के बाद कटान और तेज हो गया है।

जम्मू-कश्मीर में हाईवे बंद

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में अक्चमल के पास लैंडस्लाइड के बाद कारगिल-लेह नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

राजस्थान में सड़कों पर भरा पानी

राजस्थान के चूरू में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद बाजारों में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। वहीं प्रतापगढ़ में भी भारी बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।

असम में बाढ़ से हालात गंभीर

असम में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। करीब 13 हजार परिवार 11 दिन बाद भी बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक मौतों का आंकड़ा 78 तक पहुंच गया है, जबकि तीन लाख से ज्यादा लोग अभी भी जलभराव से प्रभावित बताए जा रहे हैं।

देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *