पंजाब-चंडीगढ़ में भारी बारिश: रोपड़ में बाढ़ का खतरा, चंडीगढ़ की कई सड़कें धंसीं

Rain alert in Punjab today as well; heavy rainfall expected in four districts.

पंजाब और चंडीगढ़ में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि पठानकोट में रात से बारिश जारी है। वहीं रोपड़ में बाढ़ का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

चंडीगढ़ में सड़कें धंसीं

चंडीगढ़ में बारिश के कारण सेक्टर-26 में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इसके अलावा चंडी पथ और सेक्टर-29 की तरफ भी सड़क टूटने की सूचना है। सेक्टर-9/10 लाइट प्वाइंट के पास भी सड़क को नुकसान पहुंचा है। सुबह से कई सड़कों पर जलभराव होने के कारण PGI के बाहर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।

मोहाली में राव नदी उफान पर

हिमाचल में हो रही बारिश के कारण मोहाली, चंडीगढ़ और नयागांव से होकर गुजरने वाली पटियाला की राव नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है। मोहाली के गांव टांडा और आसपास के इलाकों में पानी ज्यादा होने के कारण चंडीगढ़ से संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लोगों को काम पर जाने और बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी हो रही है।

पठानकोट में 70 गांवों का रास्ता बंद

पठानकोट में बुधवार सुबह हिमाचल की तरफ से अचानक पानी आने के बाद करीब 70 गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर आवाजाही बंद हो गई। इसके चलते बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हुई। फ्लैश फ्लड के कारण GNDU के पास बन रहे पुल का काम भी रोक दिया गया है।

आनंदपुर साहिब और नंगल में अलर्ट

श्री आनंदपुर साहिब और नंगल में भारी बारिश के कारण कई खड्डें उफान पर हैं। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लोगों से खड्डों और नहरों से दूर रहने की अपील की है।आनंदपुर साहिब में कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन को भी अलर्ट पर रखा गया है।

हिमाचल में भी बारिश का कहर

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण ऊना के बंगाणा में आज स्कूल-कॉलेज बंद हैं। कांगड़ा में नक्की खड्ड उफान पर है, जहां तेज बहाव में एक गाड़ी बह गई।
वहीं सिरमौर में लैंडस्लाइड की चपेट में दो ट्रक और एक टिप्पर आ गए। हादसे में चूना पत्थर की खदान में काम करने वाले तीन मजदूर मलबे में दब गए हैं। उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *