जालंधर: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद भवन परिसर में मुलाकात की। संसद भवन परिसर में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच ‘चाय पर चर्चा’ हुई। मुलाकात के बाद हरभजन सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में दोनों नेता चाय पीते हुए बातचीत करते नजर आए। हरभजन सिंह ने इस मुलाकात को अपने लिए गौरव का क्षण बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और देश के विकास के प्रति उनके संकल्प की सराहना की। हरभजन सिंह ने कहा कि वे एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपना हरसंभव योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुलाकात की तस्वीरों में दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल नजर आया। बैठक के अंत में हरभजन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन भी किया।
सोनम वांगचुक के समर्थन को लेकर भी रहे चर्चा में
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले हरभजन सिंह लद्दाख के जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन को लेकर भी चर्चा में थे। वांगचुक के 26 दिन का अनशन खत्म करने पर हरभजन सिंह ने खुशी जताई थी।
उन्होंने कहा था कि गतिरोध के बजाय संवाद और विभाजन के बजाय विश्वास ही सही रास्ता है। साथ ही उन्होंने युवाओं और छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए सभी से एक-दूसरे की बात ध्यान और संवेदनशीलता से सुनने की अपील की थी।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद से हरभजन सिंह खेल के साथ-साथ सामाजिक, पर्यावरणीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी राय रखते रहे हैं। पीएम मोदी के साथ उनकी यह मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक नजरिए से भी चर्चा में है।









