ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। फिरोजपुर के जीरा विधानसभा हलके में उस समय राजनीतिक हलचल बढ़ गई, जब गुरप्रीत सिंह सेखों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान के फिरोजपुर दौरे के दौरान सेखों के AAP में शामिल होने को जीरा की राजनीति के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
AAP में शामिल होते ही बढ़ी सियासी चर्चा
गुरप्रीत सिंह सेखों की आम आदमी पार्टी में एंट्री के बाद जीरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि सेखों पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार सक्रिय थे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हुए थे।
नाभा जेल ब्रेक कांड से सुर्खियों में आया था नाम
गुरप्रीत सिंह सेखों का नाम साल 2016 में हुए चर्चित नाभा जेल ब्रेक कांड के बाद देशभर में सुर्खियों में आया था। इस मामले में उन पर जेल ब्रेक की साजिश और कथित तौर पर अहम भूमिका से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे।
दरअसल, नवंबर 2016 में भारी हथियारों से लैस हमलावरों ने नाभा जेल पर हमला किया था। हमलावर जेल से कई कैदियों को छुड़ाकर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गुरप्रीत सिंह सेखों का नाम जांच के दौरान सामने आया था और वह लंबे समय तक चर्चा में रहे।









