ख़बरिस्तान नेटवर्क : कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा और आम आदमी पार्टी नेता गायत्री बिश्नोई के बीच विवाद अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। गायत्री बिश्नोई ने खैहरा पर महिला की गरिमा और चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पंजाब पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सरकारी आवास को लेकर खैहरा के आरोपों पर विवाद
विवाद की शुरुआत सुखपाल खैहरा की ओर से सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से हुई। खैहरा ने गायत्री बिश्नोई के सरकारी आवास में रहने को लेकर सवाल उठाए और उनके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। खैहरा ने यह दावा भी किया था कि बिश्नोई पंजाब सरकार के एक कैबिनेट मंत्री को आवंटित सरकारी बंगले में रह रही हैं।
गायत्री ने खैहरा को आरोपों को नकारा
गायत्री बिश्नोई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह अपने माता-पिता के साथ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के सरकारी आवास में रह रही हैं, क्योंकि उनके पिता का इलाज चल रहा है। उन्होंने खैहरा पर व्यक्तिगत और चरित्र संबंधी टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
शिकायत के बाद खैहरा ने फिर दिया जवाब
गायत्री बिश्नोई की शिकायत के बाद सुखपाल खैहरा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने गायत्री बिश्नोई के पिता की बीमारी और मंत्री के सरकारी आवास में उनके परिवार की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए।अगर गायत्री बिश्नोई के पिता हृदय रोगी हैं और उनका इलाज चल रहा है, तो तस्वीरों में उनका परिवार पंजाब के मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की मेहमाननवाजी का आनंद लेते दिखाई देता है। उन्होंने इसी आधार पर सवाल उठाते हुए सरकारी आवास और वहां रह रहे लोगों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा।









