ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में गणेश महोत्सव के समापन अवसर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्री गणेश जी के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। शोभायात्रा सेदा गेट बाजार से शुरू होकर श्री राम चौक तक पहुंची।
रास्तेभर श्रद्धालु ढोल-ताशों की धुन पर भक्ति में झूमते नजर आए। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्री गणेश जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पार्षद शैरी चड्ढा ने किए गणेश जी के दर्शन
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-ताशों की गूंज और गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में हिस्सा लिया। इस मौके पर वार्ड पार्षद शैरी चड्ढा भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने भगवान श्री गणेश जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
ब्यास नदी में किया जाएगा प्रतिमा का विसर्जन
समिति ने बताया गया कि शोभायात्रा के बाद भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन ब्यास नदी में किया जाएगा। विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक संपन्न कराने के लिए समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। इस अवसर पर दाना प्रधान, राजू सोनगरा, दीपक सोनगरा, सनी चन्देल, मनी थापर, निकिल गिल, अभी गिल, वीर सोनगरा, विनोद चौहान, अजय चौहान और टीटू चायल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।









