महिला से 200 करोड़ की रंगदारी की मांग, दिल्ली में सबसे बड़ी एक्सटॉर्शन कॉल का दावा

Extortion demand of ₹200 crore made from a woman in the name of Goldy Brar

दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाली करीब 50 साल की एक महिला को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर महिला और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी।

जानकारी के मुताबिक, महिला के पास पुश्तैनी संपत्ति है। 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे उन्हें विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया और कहा कि उसे महिला और उनकी संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी है।

पहली कॉल के बाद महिला ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन इसके बाद दोबारा धमकी भरी कॉल आने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 10 सितंबर को सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कर लिया। केस में आपराधिक धमकी, हत्या का डर दिखाकर जबरन वसूली और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।

स्पेशल सेल भी जांच में जुटी

मामले की जांच जिला पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी कर रही है। पुलिस महिला की संपत्ति और उनकी दूसरी शादी से जुड़ी जानकारी समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि 200 करोड़ रुपये की यह मांग दिल्ली में एक्सटॉर्शन के तौर पर अब तक की सबसे बड़ी रकम की मांग है।

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर पहले भी रंगदारी के आरोप

पुलिस के मुताबिक, विदेश से ऑपरेट करने वाला गोल्डी बराड़ लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी के लिए धमकी देने के मामलों में जांच के दायरे में रहा है। इससे पहले भी कारोबारियों और अन्य लोगों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं।

अब 200 करोड़ की इस कथित रंगदारी कॉल ने दिल्ली पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *