GMADA में 48 घंटे बाद ED की रेड खत्म, कई गाड़ियों में निकली टीम; दस्तावेज साथ ले गई

मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के मुख्यालय में करीब 48 घंटे से चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई खत्म हो गई है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद ED की टीमें GMADA हेडक्वार्टर से बाहर निकलीं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के मुख्यालय में करीब 48 घंटे से चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई खत्म हो गई है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद ED की टीमें GMADA हेडक्वार्टर से बाहर निकलीं। रिपोर्टों के मुताबिक, अधिकारी 5 से 6 गाड़ियों में सवार होकर रवाना हुए और अपने साथ कई दस्तावेज व रिकॉर्ड ले गए।

कई ठिकानों पर एक साथ हुई थी ED की कार्रवाई
ED ने मंगलवार को GMADA मुख्यालय समेत पंजाब, चंडीगढ़ और आसपास के कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जांच के दौरान GMADA के रिकॉर्ड, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अधिकारियों से जुड़े मामलों की पड़ताल की गई। इससे पहले कार्रवाई के दौरान GMADA की कुछ मंजिलों को सील करने और वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेने की भी रिपोर्ट सामने आई थी।

AAP के प्रदर्शन के बीच बाहर निकलीं ED की टीमें
वीरवार को ED की कार्रवाई के विरोध में AAP कार्यकर्ता GMADA ऑफिस के बाहर पहुंच गए थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर परिसर में जाने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन खत्म होने के बाद ED की टीमें भी GMADA मुख्यालय से बाहर निकल गईं।

IAS अधिकारी के घर कैश और सोने-चांदी मिलने का दावा
ED की कार्रवाई में अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, एजेंसी की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, ED से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी में दावा किया जा रहा है कि पंजाब के एक IAS अधिकारी के घर से करीब 2.5 करोड़ रुपये कैश, करीब सवा किलो सोना-चांदी और जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज मिले हैं। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *