अमृतसर में कांग्रेसी नेता पर फायरिंग, 2 पक्षों के बीच समझौता करवाने गए थे

अमृतसर में कांग्रेस नेता पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा पर दूसरे पक्ष ने गोली चला दी। सीने में गोली लगने से कांग्रेस नेता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में कांग्रेस नेता पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा पर दूसरे पक्ष ने गोली चला दी। सीने में गोली लगने से कांग्रेस नेता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वहां से फरार हो गए।

समझौता करवाने गए थे कांग्रेस नेता
अजनाला क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से तीखी बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख स्थानीय कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा दोनों गुटों को शांत करने और विवाद को सुलझाने के लिए बीच में आए थे। इसी दौरान एक पक्ष ने पिस्तौल निकालकर सीधे कांग्रेस नेता पर फायर कर दिया।

सिविल अस्पताल अजनाला से अमृतसर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गुरदीप सिंह को पहले नजदीकी सिविल अस्पताल अजनाला ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए तुरंत अमृतसर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल निजी अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके इलाज में जुटी हुई है, जहां उनकी स्थिति नाजकु बनी हुई है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी
गोलीबारी की इस वारदात की सूचना मिलते ही थाना अजनाला की पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। अजनाला के SHO अजयपाल सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। वारदात के कारणों की पड़ताल की जा रही है और विवाद में शामिल दोनों पक्षों की पहचान कर गोली चलाने वाले आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *