पंजाब में 18 घंटे के अंदर भाई-बहन की मौत, दादी के साथ आंगन में सो रहे थे

लुधियाना में सांप के डसने से छोटे भाई-बहन की मौत हो गई। बच्चों की पहचान 8 साल के जोबनप्रीत सिंह और 6 साल की जशनप्रीत कौर के रूप में हुई

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में सांप के डसने से छोटे भाई-बहन की मौत हो गई। बच्चों की पहचान 8 साल के जोबनप्रीत सिंह और 6 साल की जशनप्रीत कौर के रूप में हुई है। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले इस घटना की वजह से परिवार में मातम का माहौल है। दो बच्चों की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

दोनों घर के आंगन में दादी के साथ सो रहे थे
जानकारी के मुताबिक अमनदीप सिंह का परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में सो रहा था। परिवार में अमनदीप सिंह, उनकी पत्नी, तीन बच्चे और उनकी मां थीं। जोबनप्रीत सिंह और जशनप्रीत कौर अपनी दादी जिंदर कौर के पास सोए थे। बुधवार सुबह करीब 3 बजे जोबनप्रीत ने दादी से कहा कि उसे हाथ में किसी कीड़े ने काटा है। दादी ने कहा कि मच्छर ने काटा होगा।

जोबनप्रीत के रोने से उठा पूरा परिवार
जब जोबनप्रीत ने बताया कि उसे किसी ने जोर से काटा है। जब वह जोर से रोने लगा तो परिवार के लोग जाग गए। उसके हाथ पर डंक का निशान दिखाई दिया। इसी दौरान खाट के नीचे सांप भी नजर आया, जिससे सांप के काटने का पता चला। सांप के काटने का पता चलते ही दादी ने जोबनप्रीत का हाथ बांध दिया, ताकि जहर आगे न फैले।

बहन को भी सांप ने काटा, तबीयत बिगड़ने पर पता चला
इसी दौरान उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी। तब तक जशनप्रीत भी उठ गई और पिता से भाई को अस्पताल ले जाने के लिए कहने लगी। कुछ ही देर में जशनप्रीत की हालत भी बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगी। परिवार दोनों बच्चों को सिविल अस्पताल रायकोट लेकर पहुंचा।

18 घंटे के अंदर बहन-भाई की मौत
रायकोट सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने स्नेक बाइट की पुष्टि की। जशनप्रीत कौर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि जोबनप्रीत की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे लुधियाना के CMC अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसे पेडियाट्रिक वार्ड के ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। बुधवार देर रात करीब 11 बजे जोबनप्रीत ने ICU में दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *