लुधियाना के खन्ना में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। जहा दो लुटेरों ने एक आढ़ती को गनपॉइंट पर लेकर 15 लाख रुपये कैश और उसकी कार लूट ली।जानकारी के मुताबिक, आढ़ती धान के सीजन के चलते किसानों को फसल का भुगतान करने के लिए खन्ना के HDFC बैंक से 15 लाख रुपये निकलवाकर लाए थे।
बैंक से कैश लेकर जैसे ही वह अपनी वेन्यू कार में बैठे, तभी दो लुटेरे वहां पहुंच गए। उन्होंने आढ़ती के माथे पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी देकर 15 लाख रुपये कैश छीन लिया।
इसके बाद लुटेरों ने आढ़ती की वेन्यू कार भी लूट ली और उन्हें गाड़ी से बाहर फेंककर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लुटेरों के मंडी गोबिंदगढ़ की तरफ भागने की सूचना मिली है।वारदात के बाद पुलिस ने लुधियाना से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। सिटी थाना-1 और CIA स्टाफ की कई टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, लूट का शिकार हुआ आढ़ती अमलोह के गांव भद्दलथूहा में आढ़त का कारोबार करता है और खन्ना में भी पैसों का लेन-देन करता है।SHO हरविंदर सिंह ने लूट की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लुटेरों को पकड़ने के लिए इलाके के रास्तों और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।








