ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के साहनेवाल में भाजपा नेता से पिस्तौल की नोंक पर डेढ़ लाख रुपए लूटने की कोशिश हुई। हालांकि भाजपा नेता ने आरोपी की पिस्तौल पकड़ ली और उसे धक्का मारकर ATM से बाहर निकाल दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है भाजपा नेता मोहिंदर एटीएम में पैसा जमा कर रहे थे। उनके पास डेढ़ लाख रुपए से भरा एक बैग था, जोकि साइड में रखा हुआ था। जैसे ही वह मशीन में पैसे डालने लगते हैं तो पीछे खड़ा आरोपी उनकी पीठ पर पिस्तौल तान देता है और नकदी छीनने की कोशिश करता है।
आस-पास के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
भाजपा नेता मोहिंदर ने तुरंत उसका विरोध किया और पिस्टल पकड़ ली। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। वीडियो में महिंदर आरोपी को पकड़कर ATM से बाहर की तरफ ले जाते दिख रहे हैं। हाथापाई के दौरान आरोपी का सिर शीशे से टकराया और वह घायल हो गया।
पुलिस की जांच में टॉय गन निकली
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो वारदात में इस्तेमाल की गई टॉय गन निकली। घायल होने कारण पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।









