ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश के कई हिस्सों में एनालॉग पनीर पर बैन लगा दिया गया है। अब पंजाब में भी एनालॉग पनीर पर बैन लगा दिया गया है। पंजाब सरकार ने पूरे एक साल के लिए इसके उत्पादन, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। अब कोई भी फूड बिजनेस ऑपरेटर किसी भी नाम से एनॉलॉग पनीर का उत्पादन नहीं कर सकेगा। अगर बावजूद कोई ऐसा करता पाया गया तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
डेयरी यूनिट से लेकर होटल तक होगी जांच
जिला स्तर पर डेयरी यूनिट्स, पनीर फैक्ट्रियों, होलसेलर्स, रिटेलर्स, कोल्ड स्टोर और गोदामों की सघन जांच की जाएगी। पनीर का ट्रांसपोर्ट करने वाले वाहनों की भी चेकिंग होगी। होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले पनीर की खरीद के रिकॉर्ड भी जांचे जाएंगे। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध की अवधि के दौरान कहीं भी एनालॉग पनीर का उत्पादन, भंडारण या बिक्री न हो।









