परविंदर झोटा हत्याकांड पर अमन अरोड़ा का बड़ा बयान, परिवार से की संस्कार करने की अपील; अमित शाह को भी दिया जवाब

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री एवं पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रभारी अमन अरोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गौशाला सेवा समितियों के अध्यक्षों के साथ हुई बैठक, परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड, नशे के खिलाफ कार्रवाई, अवैध माइनिंग और पार्टी में संगठनात्मक बदलाव समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री एवं पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रभारी अमन अरोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गौशाला सेवा समितियों के अध्यक्षों के साथ हुई बैठक, परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड, नशे के खिलाफ कार्रवाई, अवैध माइनिंग और पार्टी में संगठनात्मक बदलाव समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने झोटा हत्याकांड की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले पर राजनीति करने के बजाय परिवार का साथ देना चाहिए।

गौशाला समितियों के साथ 21 अक्टूबर को होगी बैठक
अमन अरोड़ा ने बताया कि गौशाला सेवा समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की गई है। इसमें सड़कों पर घूम रही गायों की सुरक्षा और उनसे जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इन समस्याओं के समाधान के लिए 21 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में अगली बैठक रखी गई है। गायों की सेवा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार इस दिशा में संबंधित समितियों के साथ मिलकर समस्याओं का हल निकालने का प्रयास करेगी।

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की निंदा, परिवार से की अपील
अमन अरोड़ा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना बेटा खोया है और उसकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर सरकार और प्रशासन पूरा सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सरकार की ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने पंजाब के युवाओं से भी एकजुट होकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने और इस बुराई को खत्म करने की अपील की।

अमित शाह के बयान पर पलटवार, बोले- राजनीति करने के बजाय परिवार का साथ दें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर अमन अरोड़ा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले पर राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। पंजाब का माहौल खराब करने या इस घटना के जरिए राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की गई तो राज्य के लोग इसका जवाब देंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

अश्वनी कुमार के मेडिकल लाइसेंस को लेकर दिया बयान
आरोपी अश्वनी कुमार के बारे में अमन अरोड़ा ने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए जानकारी मिली है कि उसके खिलाफ पहले भी कार्रवाई हुई थी। उन्होंने बताया कि अश्वनी कुमार का मेडिकल लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। उन्होंने दोहराया कि मामले में परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन गंभीरता से काम कर रहे हैं। ऐसी घटना के बाद लोगों में गुस्सा होना स्वाभाविक है। हालांकि, उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की, ताकि पंजाब की कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

‘नशे के खिलाफ लड़ाई में 3 करोड़ पंजाबी सरकार के साथ’
अमन अरोड़ा ने दावा किया कि पंजाब में नशे के खिलाफ जारी अभियान में राज्य के तीन करोड़ पंजाबी सरकार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में कुछ ऐसे अधिकारी भी हो सकते हैं जो अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे। यदि किसी व्यक्ति को ऐसे अधिकारियों के बारे में जानकारी मिलती है तो वह प्रशासन को सूचित करे।

उन्होंने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं। अमन अरोड़ा ने कहा कि जिस तरह परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ लड़ रहा था, उसी तरह समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस लड़ाई में योगदान देना चाहिए।

84 हजार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का दावा
कैबिनेट मंत्री ने नशे के खिलाफ कार्रवाई का ब्योरा देते हुए दावा किया कि करीब 84 हजार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 65 हजार आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। कई बार नशा तस्कर जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं या दूसरों पर हमला करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के कानूनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कम मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए आरोपियों को जमानत मिलने का प्रावधान है। उनके मुताबिक, नशा तस्करों को आसानी से जमानत नहीं मिलनी चाहिए।

अवैध माइनिंग पर CBI और विपक्ष को घेरा
अवैध माइनिंग के मुद्दे पर अमन अरोड़ा ने लोगों से अपील की कि यदि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला आता है तो वे संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन को शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अवैध माइनिंग को लेकर सीबीआई की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि साढ़े चार साल तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई और अब हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की जरूरत क्यों पड़ी।

कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए अमन अरोड़ा ने भी पूछा कि वह इतने समय तक कहां थे। उन्होंने चन्नी के भांजे के घर से नकदी बरामद होने के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने क्या कदम उठाए थे। अमन अरोड़ा ने चन्नी से इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की।

दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाने पर क्या बोले अमन अरोड़ा
दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाए जाने के सवाल पर अमन अरोड़ा ने कहा कि राजविंदर थियाड़ा के कामकाज में कोई कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी नेता किसी दूसरे नेता से बड़ा नहीं होता। जनता ही तय करती है कि किस नेता को कितना समर्थन देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *