ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर स्थित लायलपुर खालसा कॉलेज में श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला भव्य ड्रोन शो स्थगित कर दिया गया है। पहले यह कार्यक्रम 6 सितंबर को शाम 6 बजे निर्धारित था, लेकिन अब यह 8 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने डिप्टी कमिश्नर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद नई तारीख का औपचारिक ऐलान किया।
धर्म और युवाओं को जोड़ने की अनूठी पहल
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक विरासत से जोड़ना है। व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए उप मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) शुभी आंगरा ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, सिटिंग अरेंजमेंट और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक ड्रोन लाइट शो के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी की पावन जीवन यात्रा, दर्शन और उनकी शाश्वत शिक्षाओं को आसमान में एक प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
6.50 लाख पौधों का पौधारोपण और अध्ययन केंद्र की स्थापना
पंजाब सरकार की ओर से प्रकाश पर्व को पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए राज्यभर में 6.50 लाख पौधे लगाने का विशेष पर्यावरण अभियान शुरू किया गया है। इसके अलावा, गुरु साहिब की पवित्र वाणी के प्रसार और शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डेरा सचखंड बल्लां के पास लगभग 11 एकड़ भूमि पर ‘श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना की जा रही है।
कीर्तन दरबार और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम
8 सितंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में ड्रोन शो के अलावा प्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा कीर्तन दरबार भी सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के भारी आगमन को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सफाई, बैठने के सुचारू प्रबंध और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस पावन अवसर पर कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी आम संगत की तरह नतमस्तक होने पहुंचेंगी।









