पंजाब और हरियाणा को गर्मी से राहत मिलने लगी है। सोमवार से शुरू हुई प्री-मानसून बारिश से पारा नीचे आ गया है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इससे चंडीगढ़ और पंजाब के आसपास के इलाकों में भी तापमान में गिरावट आई है। वहीं मौसम विभाग ने हरियाणा के 8 और पंजाब के 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मानसून मध्य प्रदेश और यूपी से होते हुए हरियाणा में दस्तक देगा। इस बार भी दोनों तरफ से मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस बार पंजाब और हरियाणा में सामान्य बारिश होगी। हरियाणा पहुंचने के 3 से 4 दिन बाद मानसून पंजाब पहुंच जाएगा।
हिमाचल के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश
वहीं, हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां प्री-मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ऊपरी और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की ओर से आज येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
हरियाणा के 8 और पंजाब के 13 जिलों में अलर्ट
आज हरियाणा के 8 जिलों और पंजाब के 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मनसा, लुधियाना और संगरूर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट केवल आज के लिए है।
भाखड़ा में दरार से 100 एकड़ फसल डूबी
सोमवार देर रात बठिंडा के तलवंडी साबो के नथेहा गांव में भाखड़ा में दरार आ गई। इसकी वजह से किसानों की करीब 100 एकड़ फसल डूब गई। किसानों का आरोप है कि लीकेज के कारण दरार आई है।
वहीं, हरियाणा के अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, जिंद, हिसार, भिवानी, रोहतक और चरखी दादरी में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. कल शाम हरियाणा के गुरुग्राम, महिंदरगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत और पंचकुला में भारी बारिश हुई।
चंडीगढ़ में 28 जून को होगी बारिश
इसके साथ ही मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से शहर का तापमान 40 डिग्री के आसपास चल रहा है। 28 जून को बारिश की संभावना है। इससे पहले गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।