पंजाब शिरोमणि अकाली दल के पूर्व उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह गिल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने आधिकारिक आवास पर भाजपा में शामिल कराया।
ट्वीट करते हुए लिखा- घर-घर में कमल खिलाने का मन
मुख्यमंत्री सैनी ने ट्वीट करते हुए लिखा - आज मुख्यमंत्री आवास पर पधारे खरड़ के वरिष्ठ नेता श्री रणजीत सिंह गिल जी को पार्टी का पटका पहनाकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। पंजाब की जनता ने इस बार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पंजाब के घर-घर में कमल खिलाने का मन बना लिया है। जन-जन में भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास यह प्रमाण है कि पंजाब इस बार सकारात्मक परिवर्तन के लिए पूर्णतः तैयार है।
रणजीत सिंह ने 2017 में पहली बार चुनाव लड़ा
बता दे कि रणजीत सिंह गिल मूल रूप से रोपड़ के रहने वाले है। वह लंबे समय से अकाली दल से जुड़े हुए था और साथ ही वह अपने गांव में सरपंच भी रह चुके हैं। 2017 में उन्होंने खरड़ विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव लड़ा, लेकिन उस समय उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
सिंगर अनमोल गगन मान से भी करना पड़ा हार का सामना
जिसके बाद फिर साल 2022 में उन्होंने फिर से अकाली दल की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन सिंगर अनमोल गगन मान से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिर भी, वह पार्टी से जुड़े रहे।