ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद जालंधर देहात पुलिस को नया SSP मिल गया है। IPS अधिकारी हरकमलप्रीत सिंह खख ने शुक्रवार को जालंधर देहात के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में चार्ज संभाल लिया। उन्होंने हरविंदर सिंह विर्क की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। जालंधर देहात पुलिस ऑफिस पहुंचने पर पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
मलेरकोटला से जालंधर देहात भेजे गए खख
सरकार की ओर से जारी तबादला आदेशों के तहत हरकमलप्रीत सिंह खख को मलेरकोटला के SSP पद से स्थानांतरित कर जालंधर देहात की कमान सौंपी गई है। वह सितंबर 2026 में मलेरकोटला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। खख इससे पहले भी जालंधर देहात में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह बटाला, पठानकोट और मलेरकोटला सहित पंजाब के कई महत्वपूर्ण जिलों में SSP की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रहेगी प्राथमिकता
हरकमलप्रीत सिंह खख की पहचान सख्त पुलिसिंग और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर रही है। अलग-अलग जिलों में तैनाती के बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति प्रमुख रही है। अब जालंधर देहात में भी उन्होंने इसी नीति के तहत काम करने के संकेत दिए हैं।
जनता के सहयोग से अपराध मुक्त समाज बनाने पर जोर
पदभार संभालने के बाद SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव का अपराध के खिलाफ रुख बिल्कुल स्पष्ट है। सरकार और पुलिस विभाग की प्राथमिकता जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। अपराध सभ्य समाज के लिए नासूर है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है। लोग अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें और अपराध मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का साथ दें।









