होशियारपुर में फिल्मी स्टाइल एनकाउंटर! पुलिस की फायरिंग में सिविलियन घायल, 6 गाड़ियों को मारी टक्कर

होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह पुलिस और आरोपियों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। बलगड़ां चौक पर हुई इस घटना के दौरान पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक आम नागरिक घायल हो गया। वहीं, पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में आरोपियों ने भीड़भाड़ वाले चौक पर करीब 6 गाड़ियों को टक्कर मार दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह पुलिस और आरोपियों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। बलगड़ां चौक पर हुई इस घटना के दौरान पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक आम नागरिक घायल हो गया। वहीं, पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में आरोपियों ने भीड़भाड़ वाले चौक पर करीब 6 गाड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। फरार लोगों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है।

बलगड़ां चौक पर अचानक चली गोलियां, लोगों में दहशत
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बलगड़ां चौक पर अचानक गोलियां चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक सफेद रंग की कार के पीछे पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी। पुलिस की गाड़ी से कार की तरफ फायरिंग की जा रही थी। अचानक हुई गोलीबारी के कारण चौक पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 200 मीटर के दायरे में पुलिस की ओर से एक के बाद एक 6 फायर किए गए। इस दौरान एक गोली वहां मौजूद नागरिक की बाजू में जा लगी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान सिविलियन घायल
गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद रफी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की कार बलगड़ां चौक पर भीड़ में फंस गई थी। इस दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश में करीब 6 गाड़ियों को टक्कर मार दी और वहां से निकलने का प्रयास किया।

कार को घेरने पर तीन आरोपी फरार, एक गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों का पीछा जारी रखा और चौक से करीब 200 मीटर आगे जाकर उनकी कार को घेर लिया। हालांकि, कार रुकने के बाद उसमें सवार तीन लोग बाहर निकलकर फरार हो गए। इनमें एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान और अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

गढ़दीवाल फायरिंग केस से जुड़ा है मामला
दसूहा थाना पुलिस के अधिकारी के अनुसार, 15 तारीख को होशियारपुर के गढ़दीवाल में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में आरोपियों की तलाश के लिए CIA स्टाफ, गढ़दीवाल पुलिस और होशियारपुर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी दसूहा इलाके में घूम रहे हैं। जब पुलिस ने उनकी गाड़ी का पीछा किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक नागरिक घायल हो गया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *