पंजाब के जालंधर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक प्रॉपर्टी कारोबारी की तेजधार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर हत्या के बाद मृतक के हाथ की उंगलियां भी काटकर ले गए। मृतक की पहचान लक्की ठाकुर के रूप में हुई है। वारदात मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लक्की ठाकुर खाना खाने के बाद गली में स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया। मृतक के भाई मनमोहन ने आरोप लगाया कि शिवसेना नेता नरेंद्र थापर के बेटे राम कृष्ण ने अपने 20 से 25 साथियों के साथ मिलकर लक्की पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल लक्की को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
परिवार का आरोप है कि लक्की ठाकुर और नरेंद्र थापर के परिवार के बीच पिछले 6 से 7 महीनों से विवाद चल रहा था। लक्की ने अपने छोटे बेटे को हुक्का और चिट्टा पिलाने के आरोप लगाते हुए नरेंद्र थापर और उसके बेटे के खिलाफ थाना नंबर-4 में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले को लेकर कोर्ट में भी केस चल रहा है। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश के चलते लक्की को पहले भी धमकियां दी जा रही थीं।
पुलिस ने बनाई स्पेशल टीमें, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश के लिए स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। एसीपी के मुताबिक, परिवार के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं और वे फिलहाल फरार हैं।
मृतक का भी रहा राजनीतिक कनेक्शन
बताया जा रहा है कि लक्की ठाकुर भी पहले नरेंद्र थापर के साथ शिवसेना से जुड़ा रहा था और उसके कई राजनीतिक नेताओं से संबंध थे। जानकारी के अनुसार, मृतक के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









