पंजाब में 27 नवंबर को होगा ब्लैकआउट, रात 8 बजे बजेगा सायरन

पंजाब में 27 नवंबर को रात 8 बजे सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) की गाइडलाइंस के तहत होने वाले इस अभ्यास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 27 नवंबर को रात 8 बजे सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) की गाइडलाइंस के तहत होने वाले इस अभ्यास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में फिरोजपुर के असिस्टेंट कमिश्नर हिमांशु ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ड्रिल की तैयारियों और जिम्मेदारियों की समीक्षा की।

इमरजेंसी हालात से निपटने की तैयारियों का होगा परीक्षण
असिस्टेंट कमिश्नर हिमांशु ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध या एयर स्ट्राइक जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सिविल डिफेंस और जिला प्रशासन की तैयारियों को परखना है। इसके जरिए यह जांचा जाएगा कि किसी आपात स्थिति में संबंधित विभाग कितनी तत्परता से काम करते हैं और राहत एवं बचाव कार्यों को किस तरह अंजाम दिया जा सकता है। यह अभ्यास 27 नवंबर को रात 8 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित सिविल अस्पताल, फिरोजपुर सिटी में किया जाएगा।

दो मिनट तक बजेगा एयर रेड अलर्ट सायरन
हिमांशु के मुताबिक, मॉक ड्रिल की शुरुआत एयर रेड वॉर्निंग सायरन से होगी। हवाई हमले की चेतावनी देने वाला यह सायरन दो मिनट तक हाई-लो पिच में बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान आसपास के लोगों को अपनी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि, अस्पताल, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी, ताकि जरूरी सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए।

राहत और बचाव कार्यों का भी होगा अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान केवल ब्लैकआउट ही नहीं किया जाएगा, बल्कि विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से आपातकालीन राहत और बचाव कार्यों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। अभ्यास के समापन पर ‘ऑल क्लियर’ सिग्नल दिया जाएगा। इसके लिए लगातार दो मिनट तक हाई पिच में सायरन बजाया जाएगा, जो खतरा टलने का संकेत होगा।

प्रशासन ने लोगों से की अफवाहों से बचने की अपील
असिस्टेंट कमिश्नर हिमांशु ने आम लोगों से अपील की कि वे इस अभ्यास को लेकर किसी तरह की घबराहट न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक नियमित सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है। इसका किसी भी तरह के वास्तविक सैन्य अभियान से कोई संबंध नहीं है। इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *