ख़बरिस्तान नेटवर्क : शुभ मुहूर्त शुरू होते ही देशभर में शादी-ब्याह की रौनक बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में बाजारों से लेकर मैरिज पैलेस और होटल तक व्यस्त रहने वाले हैं। व्यापारियों को इस वेडिंग सीजन में बड़े कारोबार की उम्मीद है। अनुमान है कि 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होंगी, जिनसे लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये का व्यापार हो सकता है।
व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने यह अनुमान जारी किया है। संगठन के मुताबिक, शादियों की बढ़ती संख्या का सीधा फायदा कई कारोबारों को मिलने की संभावना है।
हर दिन दो लाख से ज्यादा शादियां होने की उम्मीद
कैट के अनुमान के अनुसार, इस 25 दिवसीय वेडिंग सीजन में देशभर में रोजाना औसतन दो लाख से अधिक विवाह हो सकते हैं। इस दौरान बाजारों में खरीदारी बढ़ने और कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। शादियों की तैयारियों के चलते कपड़े, गहने, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावट और खानपान से जुड़े कारोबारियों को अच्छे व्यापार की आस है। इसके अलावा होटल, मैरिज पैलेस, ट्रांसपोर्ट और आतिथ्य क्षेत्र में भी मांग बढ़ सकती है।
दिल्ली-NCR में पांच लाख शादियों का अनुमान
इस वेडिंग सीजन में दिल्ली-NCR भी शादी-ब्याह का बड़ा केंद्र रहने वाला है। अनुमान है कि अकेले इस क्षेत्र में करीब पांच लाख शादियां होंगी। यहां होने वाली भव्य और शाही अंदाज की शादियों पर लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली-NCR में शादियों के दौरान सजावट, खानपान, आभूषण और अन्य व्यवस्थाओं पर बड़े पैमाने पर खर्च किया जाता है। ऐसे में इस सीजन से जुड़े कारोबारियों को काफी उम्मीदें हैं।
कई क्षेत्रों में बढ़ेगी मांग
शादी-ब्याह का यह सीजन केवल विवाह आयोजकों और मैरिज पैलेस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे खुदरा बाजार, विनिर्माण, परिवहन, होटल, खाद्य पदार्थ और ज्वेलरी कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों को उम्मीद है कि शादियों पर होने वाला भारी खर्च बाजार में आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देगा।









