पंजाब में तेज रफ्तार कार ने बच्चों से भरी स्कूल वैन को मारी टक्कर, मची-चीख पुकार

बटाला में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन को वर्ना कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल वैन सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : बटाला में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन को वर्ना कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल वैन सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि वैन में सवार किसी भी बच्चे की जान नहीं गई और सभी को मामूली चोटें आईं।

बल्लपुरियां मोड़ के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन रोजाना की तरह सुबह बच्चों को लेकर अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। जब वैन बल्लपुरियां मोड़ के पास मारुति एजेंसी के नजदीक पहुंची तो सामने से आ रही तेज रफ्तार वर्ना कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सड़क के बीच पलट गई। हादसा होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला
वैन पलटने के बाद उसमें सवार बच्चे अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने मिलकर वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। बच्चों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में चिंता देखी गई।

112 और रोड सेफ्टी फोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही 112 हेल्पलाइन और रोड सेफ्टी फोर्स की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। टीमों ने स्थिति का जायजा लिया और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्रवाई की। स्कूल वैन के पलटने की इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *