ख़बरिस्तान नेटवर्क : तरनतारन के नौशहरा के पास पंजाब सरकार की तरफ से चलाई जा रही ‘तीर्थ यात्रा’ बसों की आपस में टक्कर हो गई। शुरूआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई।
बाइक सवार को बचाने के कारण हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि एक बस श्रद्धालुओं को अमृतसर में माथा टेकने के बाद बगरादी लेकर जा रही थी। इसी दौरान ही तरनतारन के नौशहरा के पास बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में एक बस का संतुलन बिगड़ गया। बस डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई।
पुलिस रेस्क्यू में जुटी, घायलों को अस्पताल में भेजा
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस रेस्क्यू करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दोनों बसों में 37 लोग सवार थे, जिनमें से 6 की मौत हो गई है। हालांकि हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।









