ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी राज्य में अपनी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 18 नवंबर को पंजाब दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह यात्रा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित होगी। BJP इस आयोजन के जरिए गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समानता के संदेश को देशभर में पहुंचाने की तैयारी कर रही है। राजनीतिक नजरिए से भी नितिन नबीन का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होगी 2,558 किलोमीटर लंबी यात्रा
जानकारी के मुताबिक, ‘समरसता संकल्प यात्रा’ 18 नवंबर को जालंधर के प्रसिद्ध धार्मिक केंद्र डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संपन्न होगी।
करीब 2,558 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज जी के सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे, मानव कल्याण और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
2027 चुनाव से पहले BJP का पंजाब पर फोकस
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP अपनी रणनीति को धार देने में जुटी है। नितिन नबीन के दौरे को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। BJP इस आयोजन के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर है और पंजाब में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
दलित वोट बैंक पर BJP की नजर
पंजाब की राजनीति में अनुसूचित जाति समुदाय की अहम भूमिका रही है। राज्य में इस समुदाय की बड़ी आबादी को देखते हुए BJP गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं और उनके सामाजिक समरसता के संदेश के जरिए अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। पार्टी की कोशिश है कि सामाजिक भाईचारे और समानता के मुद्दे को आगे रखकर दलित समुदाय के बीच अपना आधार मजबूत किया जाए।
जालंधर से वाराणसी तक धार्मिक और सामाजिक जुड़ाव का संदेश
जालंधर का डेरा सचखंड बल्लां और उत्तर प्रदेश का वाराणसी श्री गुरु रविदास महाराज जी के अनुयायियों के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं। ऐसे में जालंधर से शुरू होकर वाराणसी में समाप्त होने वाली यह यात्रा दोनों स्थानों को सामाजिक और धार्मिक रूप से जोड़ने का प्रयास करेगी।









