ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शनिवार (14 नवंबर) को उसे अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
आरोपी के भाई तिलकराज के मुताबिक, पंजाब पुलिस शुक्रवार को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी पहुंची थी और वहां से कोमल को अपने साथ ले गई। परिवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चला कि मामला अरविंद केजरीवाल को धमकी देने से जुड़ा है।
रोहतक DC ऑफिस में क्लर्क रह चुका है आरोपी
जानकारी के अनुसार, कोमल मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है। वह पिछले कुछ सालों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। आरोपी पहले रोहतक के DC ऑफिस में क्लर्क के पद पर काम करता था, लेकिन करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया था।
बताया जा रहा है कि कोमल को अपना असली नाम पसंद नहीं था। इसी वजह से उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था। अब केजरीवाल को धमकी देने के मामले में गिरफ्तारी के बाद उसका नाम चर्चा में आ गया है।
AAP विधायक जरनैल सिंह ने दर्ज करवाई थी शिकायत
इस मामले की शुरुआत दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत से हुई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। इसके अलावा उन्हें वॉट्सऐप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुट गई। जांच के दौरान हरियाणा के रोहतक के रहने वाले कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा का नाम सामने आया।
एक दिन के रिमांड पर आरोपी, पुलिस करेगी पूछताछ
पंजाब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर धमकी देने के पीछे की वजह, इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।









