जालंधर में चैरिटेबल अस्पताल पर चला प्रशासन का पीला पंजा, पुलिस करेगी फ्रीज

जालंधर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और नगर निगम की टीम ने कपूरथला रोड स्थित बस्ती बावा खेल में निर्माणाधीन एक चैरिटेबल अस्पताल पर कार्रवाई की।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और नगर निगम की टीम ने कपूरथला रोड स्थित बस्ती बावा खेल में निर्माणाधीन एक चैरिटेबल अस्पताल पर कार्रवाई की। प्रशासन की टीम ने अस्पताल की इमारत के कुछ हिस्से पर पीला पंजा चलाया। इस इमारत का निर्माण नशीली दवाइयों के कारोबार से अर्जित काली कमाई से किया जा रहा था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कार्रवाई के दौरान बताया कि इमारत अमनदीप सिंह की है, जिसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अमनदीप की दुकान से मिली थीं एक लाख से ज्यादा नशीली गोलियां
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले अमनदीप सिंह की दुकान पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने वहां से एक लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद की थीं। अमनदीप के खिलाफ दर्ज तीन मामलों में से दो NDPS एक्ट के तहत हैं, जबकि एक मामला आर्म्स एक्ट से संबंधित है। अमनदीप सिंह आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और नशीली दवाइयों के कारोबार से हुई अवैध कमाई से इस इमारत का निर्माण करवाया जा रहा था।

पहले इमारत फ्रीज होगी, फिर सरकारी इस्तेमाल के लिए बनेगी योजना
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि फिलहाल निर्माणाधीन अस्पताल के कुछ हिस्से पर कार्रवाई की गई है। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से पूरी इमारत पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस संपत्ति को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाएगी। इसके बाद यहां सरकारी इमारत बनाने की योजना है। नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और हॉटस्पॉट इलाकों में विशेष कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना है।

नगर निगम के नोटिस का नहीं मिला जवाब
सीपी सतिंदर सिंह के अनुसार, नगर निगम की ओर से इमारत के संबंध में अमनदीप सिंह को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, उसकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अस्पताल के निर्माण के पीछे अवैध कमाई का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में अमनदीप सिंह और उसके पिता के मेडिकल लाइसेंस भी रद्द किए जा चुके हैं।

जून में हुई झड़प के मामले में जेल में बंद है अमनदीप
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जून महीने में थाना डिवीजन नंबर-1 के क्षेत्र में दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में भी अमनदीप सिंह का नाम सामने आया था और वह फिलहाल जेल में बंद है। अमनदीप का आपराधिक रिकॉर्ड है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *