ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही यात्रियों से भरी चलती बस अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना के समय बस में 40 यात्री सवार थे। बस में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
रात 2 बजे अचानक धधकने लगी चलती बस
बताया जा रहा है कि बस दिल्ली से मध्य प्रदेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक बस से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की। बस में सवार सभी 40 लोग समय रहते सुरक्षित बाहर आ गए।
पुलिस और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। चालक की सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
एक महीने पहले नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी जली थी बस
चलती बस में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले 6 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी ऐसा ही हादसा हुआ था। उस समय नोएडा से आगरा जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई थी।









