ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नागरा रोड स्थित गुरु नानक नगर में साहिल नामक व्यक्ति के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस केस में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल सवार युवकों ने साहिल के घर के बाहर 5 से 6 राउंड फायरिंग की थी। शुरुआती जांच में शिकायतकर्ता साहिल की कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
डीसीपी बोले- शिकायतकर्ता की कहानी पर हुआ शक
मीडिया से बातचीत करते हुए डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता साहिल के बयानों में कई बातें संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जब मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आई। जांच में पता चला कि गुरु नानक नगर निवासी साहिल की दोस्ती गढ़ा के रहने वाले एक अन्य साहिल से थी। दोनों की मुलाकात कपूरथला जेल में हुई थी, जहां शिकायतकर्ता साहिल हत्या के एक मामले में बंद था। जेल में ही दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी।
अमेरिका में रह रहा आरोपी, दर्ज हैं 4 आपराधिक केस
पुलिस के मुताबिक, गढ़ा निवासी साहिल इस समय अमेरिका में है और उसके खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ समय बाद दोनों साहिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गढ़ा निवासी साहिल ने गुरु नानक नगर में रहने वाले साहिल को जान से मारने की नीयत से निशाना बनवाया। जांच के दौरान पुलिस ने गुरु नानक नगर निवासी साहिल को भी इस मामले में आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से 50 ग्राम हेरोइन और 5200 रुपये बरामद
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी साहिल के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के 5200 रुपये बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया। वहीं, मामले में NDPS एक्ट की धारा 27-A के तहत भी बढ़ोतरी की गई है।
अमृतसर के 3 युवक वर्ना कार समेत गिरफ्तार
पुलिस ने फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के आरोप में अमृतसर के रहने वाले तीन युवकों जशनदीप सिंह, जगजीत सिंह और अमरेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार भी बरामद की है।
जांच में एक अन्य आरोपी सरवन सिंह का नाम भी सामने आया है, जिसके बाबा बकाला में मौजूद होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









