जालंधर में रिटायर्ड NSG कमांडो और ASI के बीच विवाद, तेज रफ्तार कार चलाने से रोका तो थप्पड़ मारने का आरोप!

Dispute in Jalandhar between a retired NSG commando and an ASI

पंजाब के जालंधर से पुलिसकर्मी और सेना के एक रिटायर्ड कमांडो के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार से कार चलाने पर टोकने से नाराज पंजाब पुलिस के एक ASI ने रिटायर्ड NSG कमांडो के साथ बदसलूकी की, उनका गला पकड़ा और थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, जालंधर के चौगिटी इलाके में रहने वाले रिटायर्ड NSG कमांडो संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह अपने कुत्ते के साथ घर के बाहर सब्जी लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान पंजाब पुलिस का एक ASI हरीश स्विफ्ट कार लेकर तेज रफ्तार से वहां से गुजरा। संदीप ने किसी तरह अपने कुत्ते को कार की चपेट में आने से बचाया।

इसके बाद उन्होंने ASI को रिहायशी इलाके में इतनी तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने पर टोका। संदीप के मुताबिक, उन्होंने पुलिसकर्मी से कहा कि अगर उनका कुत्ता गाड़ी के नीचे आ जाता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? आरोप है कि इस बात पर ASI ने जवाब दिया कि कुत्ता मरा तो नहीं है।

रिटायर्ड कमांडो का आरोप है कि इसके बाद ASI ने वर्दी की धौंस दिखाते हुए उनके साथ हाथापाई की और थप्पड़ मार दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान ASI ने उनका गला पकड़ने की कोशिश की। धक्का-मुक्की में उनका मोबाइल फोन जमीन पर गिरकर टूट गया और गले पर भी चोट आई।

वहीं, संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने 112 पर कॉल करके उल्टा उन्हीं के खिलाफ शिकायत कर दी। उनका कहना है कि ASI की पत्नी भी पुलिस विभाग में SHO हैं और इसी वजह से उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।

हालांकि, रिटायर्ड कमांडो ने साफ कहा है कि वह किसी दबाव में समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने सिविल अस्पताल से अपनी MLR भी कटवा ली है और अब रामा मंडी थाने में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है।

संदीप कुमार ने पुलिस कमिश्नर और पंजाब के DGP से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी ASI को तुरंत सस्पेंड किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्दी की जिम्मेदारी समझने वाले पुलिसकर्मियों को ही जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए।फिलहाल, इस मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *