लुधियाना में चोरों का बड़ा आतंक! हौजरी फैक्ट्री से 1 करोड़ का माल चोरी, दर्जनभर बदमाश दो गाड़ियों में भरकर ले गए सामान

Major menace of thieves in Ludhiana! Goods worth ₹1 crore stolen from a hosiery factory

पंजाब के लुधियाना से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पुनीत नगर इलाके में चोरों ने एक हौजरी फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए 1 करोड़ रुपये से अधिक का माल चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए करीब एक दर्जन लोगों का गिरोह बनाया और दो बड़ी गाड़ियों में सामान भरकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात त्योहारी छुट्टियों के दौरान देर रात करीब 2 बजे हुई। फैक्ट्री मालिक रोहन दिवाली की रात फैक्ट्री में पूजा करने के बाद ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी थी। जब वे भाईदूज के दिन फैक्ट्री पहुंचे, तो वहां के टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए।

जांच में पता चला कि चोर फैक्ट्री में रखा सर्दियों के सीजन का पूरा तैयार हौजरी स्टॉक चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, बदमाश महंगी मशीनों के पुर्जे, एसी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर तक उखाड़कर अपने साथ ले गए।

दो गाड़ियों में भरकर ले गए सामान

बताया जा रहा है कि चोर बोलेरो और टाटा 407 जैसी दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बांस के लंबे डंडे की मदद से फैक्ट्री की दीवार फांदकर अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने गेट खोलकर अपने अन्य साथियों को अंदर बुला लिया। छत पर छोटे पैरों के निशान भी मिले हैं, जिसके आधार पर फैक्ट्री मालिक ने गिरोह में एक नाबालिग के शामिल होने की आशंका जताई है।

करीब एक दर्जन बदमाशों ने मिलकर सारा सामान दोनों गाड़ियों में लोड किया और मौके से फरार हो गए। हालांकि, फैक्ट्री का डीवीआर चोर अपने साथ ले गए, लेकिन आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों में सामान से भरी गाड़ियां कैद हो गईं।

वहीं, फैक्ट्री मालिक रोहन ने आशंका जताई है कि इस वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है, जिसे फैक्ट्री की छुट्टियों की जानकारी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि चोरी किया गया हौजरी का माल अब स्थानीय बाजार में बिकना शुरू हो गया है।

फिलहाल थाना टिब्बा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके से मिले औजारों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *