फाजिल्का में पिता-बेटी की कार का 3 KM तक पीछा, घर के पास पहुंचते ही बदमाशों ने चलाईं दो गोलियां

फाजिल्का जिले में एक पिता और उसकी एक वर्षीय बेटी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कुछ कार सवारों ने पिता-बेटी की कार का करीब 3 किलोमीटर तक पीछा किया और गांव सुरेश वाला में घर के पास पहुंचते ही उन पर दो गोलियां चला दीं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : फाजिल्का जिले में एक पिता और उसकी एक वर्षीय बेटी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कुछ कार सवारों ने पिता-बेटी की कार का करीब 3 किलोमीटर तक पीछा किया और गांव सुरेश वाला में घर के पास पहुंचते ही उन पर दो गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि इस हमले में पिता और बेटी दोनों सुरक्षित बच गए। फायरिंग की पूरी घटना गांव में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। इसकी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

बाजार से लौटते समय स्विफ्ट कार सवारों ने रोका
पीड़ित मनीष कुमार ने बताया कि वह अपनी एक साल की बेटी के साथ फाजिल्का के स्मार्ट पॉइंट बाजार में खरीदारी करने आया था। वहां से घर लौटते समय एमसी कॉलोनी के पास पीछे से एक स्विफ्ट कार में कुछ लोग आए। उन्होंने मनीष को रोककर उससे कुछ पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया और अपनी कार आगे बढ़ा दी।

करीब 3 किलोमीटर तक किया कार का पीछा
मनीष के मुताबिक, जैसे ही उसने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई, स्विफ्ट कार सवारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों को पीछे आता देखकर वह घबरा गया। अपनी और बेटी की जान बचाने के लिए उसने कार की रफ्तार बढ़ा दी और गांवों के रास्ते अपने गांव सुरेश वाला पहुंच गया। हालांकि, हमलावरों ने पीछा करना बंद नहीं किया और वे उसकी कार के पीछे गांव तक पहुंच गए।

घर के पास पहुंचते ही कार पर चलाईं दो गोलियां
पीड़ित ने बताया कि गांव सुरेश वाला में उसके घर के पास पहुंचते ही स्विफ्ट कार सवारों ने उसकी गाड़ी पर दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वह घबरा गया और तुरंत अपनी कार लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद वह अपनी एक साल की बेटी के साथ अपने ताया के घर में दाखिल हो गया। इस तरह पिता और बेटी दोनों बाल-बाल बच गए। वहीं, फायरिंग करने वाले आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई फायरिंग, पुलिस को सौंपे खाली खोल
गांव के सरपंच सुधीर कुमार झींझा ने बताया कि फायरिंग के कारण मनीष की कार पर गोलियों के निशान आए हैं। घटनास्थल से मिले खाली खोल पुलिस को सौंप दिए गए हैं। इसके अलावा गांव में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी भी पुलिस को दे दी गई है। फायरिंग की घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *