ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में मंगलवार तड़के पारिवारिक विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। थ्री स्टार कॉलोनी में एक दामाद ने अपने ससुराल में पहुंचकर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि उसका निशाना साला था, लेकिन उसे बचाने के लिए ससुर बीच में आ गए और गोली उनके हाथ में लग गई। घायल को गंभीर हालत में जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की चाबी को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित परिवार के गगनदीप के मुताबिक, उसका जीजा गिन्नी अपने एक दोस्त की गाड़ी काफी समय से अपने पास रखे हुए था और उसे वापस नहीं कर रहा था। इस मामले को लेकर उसके पिता ईश्वर सिंह ने गिन्नी को घर बुलाया और उससे गाड़ी की चाबी मांगी। गिन्नी ने पहले तो दोस्त की गाड़ी की चाबी दे दी, लेकिन इसके बाद वह ससुराल वालों से उनकी गाड़ी की चाबी मांगने लगा। परिवार ने उसे अपनी गाड़ी देने से इनकार कर दिया और टैक्सी लेकर जाने की सलाह दी।
दोस्तों के सामने बेइज्जती का आरोप लगाकर निकाला हथियार
परिजनों का आरोप है कि गाड़ी की चाबी नहीं मिलने पर गिन्नी गुस्से में आ गया। उसने कहा कि उसके दोस्तों के सामने उसकी बेइज्जती की जा रही है। इसी बात को लेकर उसकी ससुराल वालों के साथ बहसबाजी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गिन्नी ने हथियार निकाल लिया और अपने साले को निशाना बनाकर फायर कर दिया। इसी दौरान ईश्वर सिंह अपने बेटे को बचाने के लिए बीच में आ गए। गोली उनके हाथ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल ससुर अस्पताल में भर्ती, परिवार ने मांगी कार्रवाई
फायरिंग की घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने घायल ईश्वर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन रात के समय घटनास्थल से गोली का खोल बरामद नहीं हुआ।
सुबह परिवार को मिट्टी में दबा मिला गोली का खोल
पीड़ित परिवार ने पुलिस की शुरुआती जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुबह उन्होंने खुद घटनास्थल के आसपास तलाश की तो मिट्टी में दबा हुआ गोली का एक खोल मिला। परिवार ने इस खोल को जांच के लिए अहम बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









