कैंसर की दवाएं खरीदने वालों के लिए राहत, अब हर साल बचेंगे 3,540 करोड़ रुपये!

कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। देश में कैंसर की 137 दवाओं की कीमतें आज यानी 9 नवंबर से कम हो गई हैं। दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के कुल 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमतें जारी कर दी हैं। इससे कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम होने की उम्मीद है।

679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50% से ज्यादा घटे

नई कीमतों के तहत 679 ब्रांड की दवाओं के दाम में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती की गई है। कुछ दवाओं की कीमतों में तो 96.45 प्रतिशत तक की कमी आई है। अनुमान है कि इस फैसले से कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद कीमतों पर उठे सवाल

दरअसल, 22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं की रिटेलर कीमत (PTR) और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के बीच भारी अंतर को लेकर सवाल उठाए थे। अदालत ने दवाओं की कीमतों और मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ पर गंभीर चिंता जताई थी।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि 2,700 रुपये की दवा मरीज को 27,000 रुपये में बेचना दिनदहाड़े डकैती और नरसंहार जैसा है। अदालत की इस सख्त टिप्पणी के बाद कैंसर की दवाओं की कीमतों को लेकर बहस तेज हो गई थी। अब कीमतों में हुई कटौती से कैंसर मरीजों को इलाज के खर्च में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *