ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला पार्षद के पति को विदेशी नंबरों से फोन कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा आरजू बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
हॉकी स्टेडियम में मैच देखते समय आया पहला फोन
पीड़ित के अनुसार, 4 अक्टूबर को वह मोहाली के फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में मैच देखने गए हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। उन्होंने पहली कॉल रिसीव करने के बजाय काट दी। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया, जिसे उन्होंने उठा लिया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई। शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अन्य नंबर से कॉल आई, लेकिन उन्होंने इस बार भी फोन रिसीव नहीं किया।
बेटे को फोन कर मांगे 2 करोड़ रुपये
पीड़ित के मुताबिक, कुछ मिनट बाद उनके बेटे के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पहले पूछा कि क्या वह आम आदमी पार्टी की पार्षद का बेटा बोल रहा है। बेटे के हां कहने पर आरोपी ने कहा कि उसका पिता बार-बार फोन काट रहा है। इसके बाद फोन करने वाले ने खुद की पहचान लॉरेंस गैंग से जुड़े आरजू के रूप में बताई और परिवार को 2 करोड़ रुपये तैयार रखने की धमकी दी। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
पार्षद का राजनीतिक कामकाज संभालते हैं पति
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी मौजूदा समय में पार्षद हैं। वह अपनी पत्नी के राजनीतिक और अन्य कामकाज की जिम्मेदारी संभालते हैं। एयरपोर्ट रोड पर गांव बलियाली के इलाके में उनकी पुश्तैनी जमीन है। इसकी देखरेख वह अपने बेटे के साथ मिलकर करते हैं।
पुलिस से परिवार की सुरक्षा की मांग
पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, रंगदारी मांगने और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस विदेशी नंबरों से आए कॉल और आरोपी की पहचान सहित मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।









