दिलजीत दोसांझ के शो से पहले बड़ा विवाद! गानों, बच्चों की एंट्री और कारतूस वाली बेल्ट को लेकर उठे सवाल

Major controversy ahead of Diljit Dosanjh's show! Questions raised over songs, the entry of children, and a belt featuring cartridge-like designs.

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में दिलजीत अपने चार गाने नहीं गा सकेंगे। चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर की शिकायत के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को इन गानों पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, इंदौर की ओर से 6 नवंबर को मॉल प्रबंधन को पत्र जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि इन गानों के बोल छोटे बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए कॉन्सर्ट के दौरान इन्हें नहीं गाया जाए।

इन 4 गानों पर रहेगी रोक

निर्देशों के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट में ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी’ गाने नहीं गा सकेंगे।

पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का भी हवाला दिया गया है। खास बात यह है कि 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी एंट्री दी जा सकती है।

चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने की थी शिकायत

दरअसल, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी को शिकायत भेजकर चार गानों पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके अलावा उन्होंने कॉन्सर्ट में बच्चों को स्टेज पर बुलाने और दिलजीत के कारतूस वाली बेल्ट पहनने पर भी आपत्ति जताई थी।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल

शिकायतकर्ता ने दावा किया कि लाइव कॉन्सर्ट में तेज आवाज और फ्लैशिंग लाइटों से बच्चों की सेहत पर असर पड़ सकता है। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दिशा-निर्देशों का भी हवाला दिया।

इसके साथ ही उन्होंने दिलजीत के कारतूस वाली बेल्ट पहनने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे बंदूक और हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा मिल सकता है।
फिलहाल जिला बाल संरक्षण अधिकारी की ओर से मॉल प्रबंधन को चारों गाने नहीं गाने देने के निर्देश जारी किए गए हैं। अब देखना होगा कि 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम किस तरह आयोजित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *