ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर वेस्ट हलके के तेज मोहन नगर में प्रशासन ने पुलिस की मदद से नशा तस्करी के आरोपी के घर पर बुल्डोजर चलाया। जैसे ही प्रशासन ने घर पर बुल्डोजर चलाया, तो घर खुद भर भराकर गिर गया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह खुद मौके पर मौजूद रहे।
70 साल पुराना है घर, दादा ने बनवाया था
जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने जिस मकान पर यह कार्रवाई की है, वह 70 साल पुराना है और इसे आरोपी के दादा ने बनवाया था। वहीं नशा तस्करी का आरोपी गगनदीप सिंह इस समय जेल में बंद है। आरोपी पर 7 केस दर्ज है। पुलिस ने अगस्त महीने में दूसरी बार नशा तस्करी के मामले में गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया था।
अपने परिवार के साथ रहता था आरोपी
गगनदीप इसी घर में अपने परिवार के साथ रहता था। इस मकान में उसकी पत्नी, दो बेटे और एक छोटी बेटी रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के तहत संबंधित संपत्तियों को चिन्हित किया गया है। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत यह कदम उठाया जा रहा है। फिलहाल, तेज मोहन नगर में पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही है।









