ख़बरिस्तान नेटवर्क : दुनिया के प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance में बड़े साइबर हमले की खबर से क्रिप्टो बाजार में हड़कंप मच गया है। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस घटना में 5 बिलियन डॉलर से ज्यादा यानी करीब 50 हजार करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी चोरी होने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद कंपनी ने डिपॉजिट और विड्रॉल सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक रकम और घटना से प्रभावित यूजर्स की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
5 बिलियन डॉलर से ज्यादा की चोरी का अनुमान
क्रिप्टो विशेषज्ञों और एनालिटिक्स फर्मों के अनुमान के अनुसार, इस कथित हैकिंग में भारी मात्रा में डिजिटल संपत्ति चोरी हुई है। यदि ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह क्रिप्टोकरेंसी के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी में से एक हो सकती है। इस खबर के सामने आने के बाद बिटकॉइन समेत कई अन्य क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज होने का दावा किया गया है। इससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई है और बाजार में अस्थिरता का माहौल बन गया है।
Bybit की पिछली हैकिंग से भी बड़ा मामला?
क्रिप्टो जगत में इससे पहले 2025 में दुबई स्थित एक्सचेंज Bybit पर बड़ा साइबर हमला हुआ था। उस घटना में करीब 1.5 बिलियन डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी चोरी हुई थी। इस हमले के पीछे उत्तर कोरियाई हैकरों का हाथ होने की बात सामने आई थी। Binance से जुड़ी मौजूदा घटना में 5 बिलियन डॉलर से अधिक की चोरी का अनुमान सही साबित होता है, तो इसका नुकसान Bybit की घटना से तीन गुना से भी ज्यादा होगा। हालांकि, दोनों घटनाओं की तुलना वास्तविक नुकसान की पुष्टि होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
30 करोड़ से ज्यादा यूजर्स, भारत में भी बड़ी संख्या
Binance के दुनियाभर में 100 से अधिक देशों में 30 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स होने का दावा किया जाता है। इनमें करीब 2 से 2.5 करोड़ भारतीय यूजर्स होने का अनुमान है। ऐसे में इस घटना को लेकर भारत के क्रिप्टो निवेशकों की चिंता भी बढ़ सकती है। Binance के अमेरिकी डिवीजन Binance US पर इस घटना का असर नहीं पड़ा है।









