ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में नेशनल हाईवे पर मिश्रा ढाबा के सामने एक सड़क हादसा हो गया। अमृतसर से लुधियाना की ओर जा रही एक कार अचानक बेकाबू होकर सेंटर डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई। हादसे में कार सवार दंपति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया गया।
मिश्रा ढाबा के पास बिगड़ा कार का संतुलन
सड़क सुरक्षा बल के प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर ने फोन कर मिश्रा ढाबा के सामने सड़क दुर्घटना होने की सूचना दी थी। इसके बाद टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि हरबंस सिंह अपनी पत्नी के साथ कार में अमृतसर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। जब उनकी कार मिश्रा ढाबा के पास पहुंची तो अचानक चालक का गाड़ी से संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते कार सेंटर डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी तरफ जा पहुंची।
हादसे में दंपति घायल, अस्पताल पहुंचाया
हादसे में हरबंस सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें लगीं। मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा बल की टीम ने दोनों को प्राथमिक सहायता दी और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
टोइंग वैन से हटाई कार, हाईवे पर ट्रैफिक बहाल
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया था। सड़क सुरक्षा बल की टीम ने टोइंग वैन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और जाम खुलवाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई। गोराया थाने के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सुरिंदर पाल को भी सूचना दी गई। पुलिस को घटना की जानकारी देकर आगे की कार्रवाई के लिए सूचित किया गया।









