ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ से बरेली जा रही बस को अज्ञात हमलावरों ने अपना निशाना बनाया है। हमलावरों ने अचानक बस पर लोही की रोड, डंडों और तेजधार हथियारों से हमला करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने इस दौरान बस की खिड़कियां तक तोड़ दीं। जिस कारण बस के अंदर बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
सवारियों को बैठाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक इस हमले का मुख्य कारण बसों में सवारियों को बैठाने और किराए को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। ट्रांसपोर्टरों के बीच सवारियां छीनने और कम-ज्यादा किराए को लेकर पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था, जिसने कल रात हिंसक रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही डेराबस्सी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
बस ड्राइवर समेत कई सवारियां घायल
इस घटना के दौरान बस ड्राइवर समेत कई सवारियां घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने पीड़ितों और सवारियों से पूछताछ करनी शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।
जल्द आरोपियों को किया जाएगा गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी शरारती तत्व को कानून-व्यवस्था खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।









