ख़बरिस्तान नेटवर्क : मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच राज्य सरकार ने बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की कोशिश तेज कर दी है। सरकार ने झोटा हत्याकांड को लेकर गठित एक्शन कमेटी से बातचीत करने के लिए तीन महिला IAS अधिकारियों की टीम बनाई है। हालांकि, एक्शन कमेटी अपनी मांगों पर अड़ी हुई है और मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा पंजाब के DGP के इस्तीफे की मांग कर रही है।
सरकार ने बनाई तीन महिला IAS अधिकारियों की टीम
परविंदर झोटा हत्याकांड को लेकर जारी गतिरोध के बीच सरकार ने एक्शन कमेटी से बातचीत के लिए तीन महिला IAS अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस टीम में कंवलप्रीत कौर बराड़, अपनीत रियात और मानसा की डिप्टी कमिश्नर (DC) नवजोत कौर शामिल हैं। कंवलप्रीत कौर बराड़ फरीदकोट रेंज की कमिश्नर हैं, जबकि अपनीत रियात पहले मानसा की DC के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं।

पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने से कमेटी ने किया था इनकार
इससे पहले सरकार की तरफ से पुलिस अधिकारियों के माध्यम से एक्शन कमेटी से बातचीत करने की कोशिश की गई थी, लेकिन कमेटी ने पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अब सरकार ने तीन महिला IAS अधिकारियों की टीम के जरिए बातचीत की पहल की है।
7 दिन से अस्पताल में रखा है परविंदर झोटा का शव
परविंदर झोटा की हत्या को लेकर मानसा में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। उनका शव पिछले 7दिनों से मानसा के अस्पताल में रखा हुआ है। पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार को लेकर एक्शन कमेटी के अड़े रहने से मामला लगातार गंभीर बना हुआ है।
पंजाब में AAP विधायकों का करेंगे घेराव
इसी बीच, झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर इंसाफ कमेटी ने आज पंजाब भर में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के आवासों का घेराव करने का ऐलान किया है। कमेटी के सदस्य विधायकों को विरोध स्वरूप ‘लानत पत्र’ सौंपेंगे। इसके लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है।
पत्र लेने से इनकार किया तो घरों के बाहर चिपकाए जाएंगे
इंसाफ कमेटी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विधायक ‘लानत पत्र’ लेने से इनकार करता है, तो कमेटी के सदस्य उस पत्र को उसके घर के बाहर चिपका देंगे। इस अभियान के जरिए कमेटी सरकार और सत्ताधारी पार्टी के विधायकों पर मामले में कार्रवाई तथा इंसाफ की मांग को लेकर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।









