ख़बरिस्तान नेटवर्क : परविंदर सिंह झोटा मर्डर केस में पुलिस बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक मानसा में प्रदर्शनकारियों के गुस्से को शांत करने के लिए पुलिस प्रशासन आरोपी अश्विनी कुमार के घर पर बुल्डोजर चलाने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस ने बुल्डोजर को मंगवा लिया गया है और जल्द ही कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
आरोपी अश्विनी को पुलिस ने कर लिया है गिरफ्तार
आपको बता दें कि परविंदर झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के सालासार से गिरफ्तार किया है। वहीं झोटा की हत्या के विरोध में सिख संगठनों ने मानसा बंद करवाया है। शहर की दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। संगठनों ने लोगों से पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़े होने और नशे के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है।
मंगलवार सुबह गोलियां मारकर हुई थी हत्या
बता दें कि मंगलवार को परविंदर सिंह झोटा एक मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। वह फेसबुक लाइव कर रहे थे। इसी दौरान मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार के साथ उनकी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अश्विनी कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से झोटा पर तीन गोलियां चला दीं। उन्हें मानसा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने की CBI जांच की मांग
झोटा के परिजनों ने मामले की CBI जांच करवाने की मांग की है। उनके पिता का कहना है कि जब तक सरकार CBI जांच के आदेश नहीं देती और नशे के कारोबार से जुड़े बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें और मामले की जांच CBI से करवाई जाए।
15 अक्टूबर को पंजाब बंद की कॉल
मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को पंजाब बंद की कॉल दी गई है। बताया जा रहा है कि मानसा में चल रहे संघर्ष के दौरान गठित एक्शन कमेटी ने पूरे पंजाब को बंद करने का फैसला लिया है। संघर्ष कमेटी की ओर से मांग की गई है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के DGP इस्तीफा दें।
पुलिस ने पुरानी रंजिश का पहलू बताया
पंजाब पुलिस के DIG हरजीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुरानी व्यक्तिगत रंजिश का पहलू सामने आया है। पुलिस का कहना है कि साल 2023 में झोटा ने अश्विनी कुमार पर प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने का आरोप लगाया था। उस समय दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज हुए थे।









