ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन और पुलिस ने मुख्य आरोपी केमिस्ट अश्विनी कुमार के घर को बुलडोजर से गिरा दिया है।
यह कार्रवाई मानसा के डीसी और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, आरोप है कि आरोपी ने नशे की तस्करी से कमाए पैसों से यह घर बनाया था। इसके साथ ही आरोपी की दवाई की दुकान मेडिकल स्टोर को भी बुलडोजर से गिरा दिया गया है। पूरी कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बता दें कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद मानसा में विरोध प्रदर्शन जारी है। सिख संगठनों ने बाजार बंद करवाए हैं। वहीं, परिवार मामले की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री भगवंत मान व डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग कर रहा है।









