ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ से पहले उनके गांव दोसांझ कलां में एक दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात कुछ लोगों ने एक घर की दीवार पर स्प्रे से ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ समेत अन्य बातें लिख दीं। शुरुआत में इस घर को दिलजीत दोसांझ का बताया जा रहा था, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि दीवार उनके पड़ोसी मुख्तियार के घर की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
रात करीब डेढ़ बजे दीवार पर लिख रहे थे लोग
घर के मालिक मुख्तियार ने बताया कि बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ लोगों की आवाजाही से उन्हें शक हुआ। उन्होंने बताया कि घर के अंदर तक स्प्रे की गंध पहुंची, जिससे उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने बाहर जाकर आरोपियों को डांटा तो वे वहां से भाग गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बाद में जब उन्होंने दीवार को देखा तो उस पर ‘खालिस्तान’ से जुड़े नारे लिखे हुए थे और नीचे दिलजीत दोसांझ का नाम भी लिखा गया था।
‘शायद उन्हें पता नहीं था कि यह दिलजीत का घर नहीं’
मुख्तियार ने कहा कि आरोपियों को शायद यह पता नहीं था कि जिस घर की दीवार पर वे नारे लिख रहे हैं, वह दिलजीत दोसांझ का घर नहीं है। उन्होंने बताया कि दिलजीत का घर दूसरी तरफ रोड पर है। बिना किसी वजह के उनकी दीवार खराब कर दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
‘5 से 7 हजार रुपये का नुकसान हुआ’
मुख्तियार ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और दीवार खराब होने से उन्हें करीब 5 से 7 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि वह इस घटना से काफी परेशान हैं और उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी है। वीरवार सुबह पुलिस उनके घर पहुंची थी और घटना को लेकर पूछताछ करने के बाद वापस चली गई।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस ने पुष्टि की है कि जिस घर की दीवार पर नारे लिखे गए हैं, वह मुख्तियार का है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कर रही है, ताकि रात के समय वहां पहुंचे लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना को लेकर कुछ भी कन्फर्म नहीं है। CCTV फुटेज की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दीवार पर नारे लिखने वाले लोग कौन थे और इस घटना के पीछे उनकी क्या मंशा थी।
1 नवंबर से शुरू होगा दिलजीत का इंडिया टूर
दिलजीत दोसांझ का ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ 1 नवंबर से दिल्ली-NCR के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होने जा रहा है। इसके बाद वह देश के अलग-अलग प्रमुख शहरों में लाइव कॉन्सर्ट करेंगे। टूर के तहत 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में कार्यक्रम निर्धारित हैं। टूर का अंतिम शो चंडीगढ़ में होना है, हालांकि इसकी अंतिम तारीख का ऐलान अभी नहीं किया गया है।








