जालंधर में चोर डेढ़ लाख कैश और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार, परिवार वृंदावन घूमने के लिए गया था

जालंधर के उदय नगर में चोरों ने एक ऐसे घर को निशाना बनाया, जहां परिवार सिर्फ एक दिन के लिए वृंदावन दर्शन करने गया था। परिवार जब शुक्रवार दोपहर वापस लौटा तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के उदय नगर में चोरों ने एक ऐसे घर को निशाना बनाया, जहां परिवार सिर्फ एक दिन के लिए वृंदावन दर्शन करने गया था। परिवार जब शुक्रवार दोपहर वापस लौटा तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बुरी तरह बिखरा पड़ा था। जांच के दौरान करीब 1.5 लाख रुपए कैश और 5 से 6 तोले सोने के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है।

एक दिन के लिए परिवार गया था वृंदावन
संध्या ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ वृंदावन दर्शन के लिए गई थीं। परिवार सिर्फ एक दिन के लिए घर से बाहर था। शुक्रवार दोपहर जब वे वापस लौटे तो घर का मेन गेट बंद था, लेकिन अंदर जाने पर चोरी का पता चला। घर के अंदर कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इससे परिवार को समझ आ गया कि उनकी गैरमौजूदगी में घर में चोरी हुई है।

अलमारियों से सामान निकालकर फेंका
संध्या के मुताबिक, चोरों ने घर में काफी देर तक तलाशी ली। अलमारियों में रखे कपड़े बाहर फेंक दिए गए थे। चोरों ने गद्दों को भी उठाकर उनके नीचे सामान तलाशा। इसके अलावा ड्रेसिंग टेबल के दराजों को भी तोड़कर कीमती सामान खंगाला गया। घर के लगभग हर उस हिस्से की तलाशी ली गई, जहां नकदी और गहने रखे होने की संभावना थी।

डेढ़ लाख कैश और लाखों के जेवर चोरी
पीड़ित परिवार के अनुसार, अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए कैश गायब मिले। इसके अलावा सोने के 2-3 सेट, बेटियों की बालियां, अंगूठियां, सोने की चेन, कड़े और चूड़ियां भी चोरी हो गईं। कुल मिलाकर करीब 5 से 6 तोले सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। पीड़ित परिवार घर में ही किराने की दुकान चलाता है।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का मुआयना किया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी चोरों को कैसे मिली और वारदात में कितने लोग शामिल थे। फिलहाल पुलिस आसपास के रास्तों और घरों में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *